उपायुक्त कंचन सिंह ने भी रखा छठ व्रत, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूरा किया अनुष्ठान

सिमडेगा। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। इस अवसर पर सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने भी व्यक्तिगत रूप से छठ व्रत रखा। उन्होंने पूरी नेम-निष्ठा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की आराधना की तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपना व्रत पूरा किया।

महापर्व के अंतिम दिन जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और नेम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की। सुबह का अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हुआ। इसके बाद उन्होंने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया।

सिमडेगा के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जिन घरों में छठ व्रत रखा गया था, वहां के व्रती पूजा की पूरी तैयारी और पारंपरिक गीत-संगीत के साथ घाटों पर पहुंचे। व्रतियों की सहायता और पूजा की व्यवस्था में सहयोग के लिए बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

छठ घाटों की छटा बेहद मनमोहक और भक्तिमय रही। सूप और दउरा में सजे फल-पकवान तथा जलते दीपों के बीच श्रद्धालु भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा करते रहे। सूर्य की पहली किरण के साथ ही व्रतियों ने अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया के जयकारों से घाटों का वातावरण गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top