उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ ही खूंटी में छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

खूंटी। लोक आस्था और नेम निष्ठा का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भुवन भास्कर को दूसरा अर्घ्य प्रदान करने के साथ ही संपन्न हो गया। तड़के चार बजे से ही पूरा वातारण छठ मइया के गीतों से गुंजामयान हो उठा। सवा चार बजते-बजते श्रद्धालुओं की भीड़ छठ घाटों पर उमड़ने लगी। जिला मुख्यालय के राजा तालाब, चौधरी तालाब, साहू तालाब, नया तालाब, दादुल घाट के अलावा, तजना नदी, कुंजला, दतिया, सोसोटोली सहित आसपास के छठ घाटों में भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान करने के लिए आस्था की भीड़ उमड़ पड़ी।

जैसे ही पूर्व में उदीयमान सूर्य नारायण की लालिमा नजर आयी, पूरा छठ घाट ऐही सूर्याे संहस्त्रांशों के वैदिक मंत्रों से गुंजने लगा। भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने सूर्य पूजन और रवि षष्ठी व्रत की कथा सुनकर हवन किया और प्रसाद का वितरण किया। प्रसाद पाने के लिए लोगों में होड़ सी मची रही। सांध्य और प्रातःकालीन अर्घ्य को लेकर विभिन्न छठ घाटों में आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी थी। छठ घाटों से लौटने के बाद व्रतियों ने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर अपने और परिवार की खुशहाली की कामना की।

चौधरी तालाब में स्थापित की गई थी सूर्य देव की प्रतिमा

छठ महापर्व के दौरान शहर के चौधरी तालाब में पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी युवा शक्ति मंच के द्वारा भगवान सूर्यनारायण की प्रतिमा स्थापित की गई थी। सूर्य देव की प्रतिमा का श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन अर्चन किया। सोमवार की शाम प्रतिमा का विधिवत उद्घाटन स्थानीय समाजसेवियों ने संयुक्त रूप से किया। तालाब तक पहुंचने वाले पथ सहित तालाब परिसर के साज सज्जा में युवा मंच के अमन सोनी, सोनू साहू, शुभम पांडे सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोमवार सुबह छठ घाट में श्रद्धालुओं के बीच निशुल्क चाय का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top