धनबाद। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल बजट में विभिन्न राज्यों को किए गए आवंटन की जानकारी साझा की। इस दौरान धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश कुमार मिश्रा ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर बताया कि झारखंड में रेलवे क्षेत्र के विकास के लिए बजट में लगभग 7,536 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
डीआरएम ने कहा कि झारखंड के अंतर्गत आने वाले दो महत्वपूर्ण रेल डिवीजन रांची और धनबाद को इस बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है। रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण (डबलिंग), विद्युतीकरण और ट्रेनों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लागू कवच प्रणाली पर विशेष खर्च का प्रावधान किया गया है। इससे परिचालन क्षमता और यात्री सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में 57 अमृत भारत स्टेशन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से धनबाद मंडल में 15 स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। डीआरएम के अनुसार गोविंदपुर अमृत भारत स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं।
रेल सेवाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए डीआरएम ने कहा कि झारखंड को अब तक 12 वंदे भारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। इसके अलावा राज्य से चार जोड़ी अमृत भारत ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है। आने वाले दिनों में केंद्र सरकार की ओर से दो और अमृत भारत ट्रेनें झारखंड को मिलने की संभावना है। डीआरएम ने बताया कि सोमवार को केंद्रीय मंत्री ने धनबाद से कोयंबटूर के लिए अमृत भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस ट्रे्न का कोच मिलते ही यहां से इसका परिचालन शुरू कर दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि इस बजट से राज्य में रेल अवसंरचना को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध की जायेंगी।
