
झारखंड के गौरव, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज झारखंड विधानसभा परिसर में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जहां माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्रनाथ महतो ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा के महान पुरुष हैं।
श्री महतो ने कहा कि पराधीन भारत में जब अंग्रेज़ी सत्ता हर स्तर पर शोषण व उत्पीड़न कर रही थी, तब भगवान बिरसा मुंडा ने जन-अधिकारों और स्वतंत्रता की अलख जगाई। उन्होंने अपने चमत्कारी नेतृत्व से जनआंदोलन को नई दिशा दी और अंग्रेज़ी हुकूमत के विरुद्ध उलगुलान का शंखनाद किया।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि झारखंड को गर्व है कि ऐसे महान क्रांतिकारी ने इसी पवित्र धरती पर जन्म लिया। भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्ष ने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा दी, बल्कि झारखंड राज्य की स्थापना के विचार को भी मजबूत आधार प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी रजत जयंती के इस ऐतिहासिक वर्ष में धरती आबा को याद करते हुए भाव-विभोर है और उनके आदर्श आज भी पूरे राज्य को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी धरती आबा के प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धा प्रकट की और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

