जकार्ता। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास नीतियों और नेतृत्व की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मोदी के कई कार्यक्रमों को अपनाया है क्योंकि भारत में वे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की उल्लेखनीय प्रगति से इंडोनेशिया को भी प्रेरणा मिली है और दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।
जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन ‘इस्ताना मर्देका’ में प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित राजकीय भोज के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा, “मैं आपके राजनीतिक जीवन और कार्यों पर लगातार नजर रखता रहा हूं। मैंने आपके कई कार्यक्रमों की कॉपी की है और इसे स्वीकार करने में मुझे कोई संकोच नहीं है, क्योंकि जिन कार्यक्रमों ने भारत जैसे विशाल और विविधता वाले देश के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है, उनसे सीखना स्वाभाविक है। भारत ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।”
उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “आपके कार्यक्रमों पर कोई कॉपीराइट नहीं है इसलिए उन्हें अपनाने में मुझे खुशी है।” राष्ट्रपति की इस टिप्पणी पर समारोह में मौजूद प्रतिनिधियों ने तालियों से स्वागत किया।
राष्ट्रपति प्रबोवो ने बताया कि इंडोनेशिया का एक सरकारी प्रतिनिधिमंडल हाल ही में दो से तीन सप्ताह तक भारत में रहा और उसने बंजर भूमि को खेती योग्य बनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा ग्रामीण विकास से जुड़े भारतीय अनुभवों का अध्ययन किया। उन्होंने कहा कि इन मॉडलों को इंडोनेशिया में लागू किया जा रहा है और प्रारंभिक परिणाम उत्साहजनक हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया केवल रणनीतिक साझेदार ही नहीं बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े स्वाभाविक सहयोगी हैं। दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और रक्षा, कृषि, डिजिटल प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, समुद्री सुरक्षा तथा व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग का दायरा तेजी से बढ़ रहा है।
राष्ट्रपति प्रबोवो ने प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ प्रदान किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरी मित्रता, पारस्परिक विश्वास और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में द्विपक्षीय संबंधों को मिली नई गति का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं और भविष्य में अंतरिक्ष, रक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा तथा समुद्री सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूत होगी।
राष्ट्रपति प्रबोवो ने प्रधानमंत्री मोदी को एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि भारत की विकास यात्रा विकासशील देशों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों की साझेदारी न केवल भारत और इंडोनेशिया के लिए बल्कि पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र तथा ग्लोबल साउथ के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति प्रबोवो जनवरी 2025 में भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली आए थे। उस दौरान भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबी उन्मूलन, सामाजिक कल्याण, डिजिटल परिवर्तन और समावेशी विकास की नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा था कि भारत का विकास मॉडल अनेक विकासशील देशों के लिए अनुकरणीय है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी राष्ट्रपति प्रबोवो और इंडोनेशिया की जनता द्वारा मिले आत्मीय स्वागत तथा सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों देशों की मित्रता साझा सभ्यतागत विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और भविष्य की साझा समृद्धि पर आधारित है तथा आने वाले वर्षों में यह संबंध और अधिक सशक्त होंगे।

