देवघर : जिले में उपजाया गया ‘आम्रपाली’ आम अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मिठास बिखेर रहा है। देवघर से विशेष पैकेजिंग के साथ भेजी गई 01 टन (1000 किलोग्राम) आम्रपाली आम की पहली खेप अब दुबई के सुप्रसिद्ध लुलु रिटेल स्टोर (Lulu Retail Store) के काउंटरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध हो गई है।
यह पहला अवसर है जब देवघर जिले के स्थानीय किसानों, विशेषकर महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला कृषकों द्वारा उत्पादित किसी फल को सीधे वैश्विक बाजार (ग्लोबल मार्केट) में पहचान मिली है। इस निर्यात के लिए आमों की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए विशेष पैकेजिंग की गई थी, ताकि वैश्विक बाजार में इसकी ताजगी और स्वाद बरकरार रहे। ज्ञात हो कि देवघर के ‘मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी’ (FPO) से जुड़ी महिला किसानों एवं APEDA के सहयोग से दुबई के लिए निर्यात किया गया हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने उपलब्धि पर कहा है कि यह कदम न केवल देवघर के किसानों के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि इससे स्थानीय कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए द्वार भी खुल गए हैं। इस सफल शुरुआत के बाद आने वाले दिनों में जिले के अन्य कृषि उत्पादों को भी वैश्विक मंच पर ले जाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों की आय में वृद्धि होगी।

