जेपीएससी संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित, मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। आयोग ने परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है, जहां अभ्यर्थी अपना परिणाम देख सकते हैं।

आयोग के अनुसार, संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 17 मई 2026 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।

मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज (सात जुलाई 2026) से प्रारंभ हो गई है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक, आरक्षण एवं अन्य संबंधित प्रमाण-पत्रों की स्कैन प्रतियां ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी। आयोग ने दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जमा करने संबंधी दिशा-निर्देश भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं।

जेपीएससी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि यदि प्रकाशित परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, टंकण संबंधी गलती अथवा अन्य तकनीकी विसंगति पाई जाती है, तो आयोग आवश्यक संशोधन करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे मुख्य परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, आवेदन प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी के लिए नियमित रूप से जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल वेबसाइट के माध्यम से ही जारी की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top