एआईआर प्रक्रिया में पार्टी पदाधिकारी मतदाता पुनरीक्षण फार्म भरवाने का करें कार्य : के राजू

रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति और मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश स्तरीय समीक्षा कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने तथा अभियान की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। इसमें झारखंड प्रभारी के. राजू मुख्य अतिथि, जबकि सह-प्रभारी डॉ. श्रीबेला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा विधानसभा में विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक विक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा, सुरेश बैठा, ममता देवी, डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, बंधु तिर्की सहित कई विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटियों, विधानसभा प्रभारियों, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बीएलए-2 के समन्वय से घर-घर जाकर मतदाता पुनरीक्षण प्रपत्र भरवाने का अभियान तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और कार्यों की नियमित ऑनलाइन रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

सह-प्रभारी डॉ. श्रीबेला प्रसाद ने कहा कि जिला से लेकर बूथ स्तर तक सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी योग्य मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से न हटे।

सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित समीक्षा बैठकों में संबंधित सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की नीतियों से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों को एसआईआर अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 15 तारीख को ग्राम पंचायत स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाए तथा प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए।

विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि अभियान की सफलता सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करेगी। उन्होंने निर्देशों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। वहीं विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान की जानकारी सरल भाषा में आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने में हर संभव सहयोग किया जाए।

कार्यशाला में अभिलाष साहू, अशोक चौधरी, भीम कुमार, दयामनी बारला, राजेश गुप्ता, गुंजन सिंह, प्रदीप तुलस्यान, सतीष पॉल मुंजनी, सुलतान अहमद, आभा सिन्हा, विजय यादव, राजीव रंजन प्रसाद, केदार पासवान, शिवकुमार भगत, राकेश किरण महतो, शकील अख्तर अंसारी, धर्मराज राम, रियाज अंसारी, आलोक कुमार दूबे, चैतु उरांव, डॉ. अजय शाहदेव, विनय सिन्हा दीपू, सुरजीत नागवाल, निरंजन पासवान, शशिभूषण राय, धर्मेंद्र सोनकर, बेलस तिर्की, अशोक वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top