आधार ऐप 5 महीने में 31 मिलियन से अधिक डाउनलोड

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार की ओर से शुरू किए गए नए आधार ऐप को देश भर में जनता की भारी स्वीकृति मिल रही है। शुरू होने के 5 महीने से भी कम समय में इस ऐप के डाउनलोड का आंकड़ा 31 मिलियन (3.1 करोड़) के पार पहुंच गया है। यह तेजी से बढ़ती संख्या लोगों के बीच ऐप की उपयोगिता और इस पर बढ़ते भरोसे को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार ‘ईज ऑफ लिविंग’ यानी जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया यह नया ऐप लोगों को उनके स्मार्टफोन के जरिए ही कई जरूरी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। ऐप के जरिए अब तक लगभग 40 लाख लोगों ने नए आधार ऐप का उपयोग करके अपने मोबाइल नंबर अपडेट किए हैं। वहीं, लगभग 8.5 लाख (8,50,000) लोगों ने ऐप का उपयोग करके अपना पता अपडेट किया है।

यह ऐप आधार नंबर धारकों को उनकी पहचान दिखाने, साझा करने और सुरक्षित तरीके से सत्यापित करने का एक सुविधाजनक और ‘गोपनीयता-प्रथम’ जरिया प्रदान करता है। इसमें सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। इनमें बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक,

चेहरे से सत्यापन, प्रमाणीकरण इतिहास, क्यूआर-कोड आधारित संपर्क कार्ड और ऑनलाइन अपॉइंटमेंट शामिल है।

मंत्रालय के मुताबिक, यह ऐप आम जिंदगी के कई जरूरी कामों में बेहद मददगार साबित हो रहा है। इससे ऑफलाइन वेरिफिकेशन सीकिंग एंटिटी (ओवीएससई) के क्यूआर कोड स्कैनिंग के माध्यम से होटलों में चेक-इन करना आसान हो गया है। इसके अलावा अस्पतालों में भर्ती होने, आगंतुक प्रबंधन, इवेंट एंट्री, और गिग वर्कर्स या सर्विस पार्टनर्स की पहचान सत्यापन जैसे कई अन्य उपयोगों में भी सहायक है। यह नया आधिकारिक ऐप एंड्रॉयड और ऐप्पल दोनों प्लेटफॉर्म पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top