खलारी।खदान क्षेत्रों में कोयला चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईएसएफ ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया। विशेष छापेमारी के दौरान रेलवे साइडिंग के समीप अवैध रूप से जमा किया गया 1.280 टन कोयला बरामद किया गया। जब्त कोयले को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार की टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रख रही है। इसी क्रम में केडीएच रेलवे साइडिंग के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में महिला निरीक्षक रश्मि, निरीक्षक पंकज झा, केडीएच क्यूआरटी, आसूचना शाखा तथा अन्य सीआईएसएफ जवानों ने भाग लिया।अभियान के दौरान टीम ने क्षेत्र में व्यापक तलाशी ली, जिसके दौरान अवैध रूप से एकत्रित कोयले का भंडार मिला। बरामद कोयले को केडीएच कांटा घर में तौलने पर उसका वजन 1.280 टन पाया गया। इसके बाद कोयले को नियमानुसार सीसीएल प्रबंधन के हवाले कर दिया गया।सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार, कोयला चोरी और अवैध परिवहन को रोकने के लिए नियमित रूप से छापेमारी और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खदान क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

