रांची: झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद रांची के नामकुम क्षेत्र में भूमि खरीद-बिक्री और राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर के मामले की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुरू कर दी है। मामले में याचिकाकर्ता थोमस साइमन साइरिल हंस की याचिका पर शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान एसीबी की ओर से अदालत को बताया गया कि संबंधित अंचल अधिकारियों के खिलाफ प्रारंभिक स्तर पर जांच पूरी कर ली गई है। एजेंसी ने मामले में पीई (प्रारंभिक जांच) दर्ज करने के लिए सरकार से अनुमति मांगी है।
हालांकि एसीबी ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि अब तक राज्य सरकार की ओर से प्रारंभिक जांच (PE) की अनुमति प्रदान नहीं की गई है, जिसके कारण आगे की प्रक्रिया लंबित है।
मामला नामकुम क्षेत्र में भूमि खरीद-बिक्री और अंचल कार्यालय के दस्तावेजों में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। झारखंड हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद एसीबी इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। मामले की अगली सुनवाई में सरकार और एसीबी की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी अदालत को दी जा सकती है।

