खूंटी : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला इकाई द्वारा बुधवार को नगर भवन, खूंटी में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं केंद्रीय प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिनोद कुमार पांडेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने की स्थिति में लोग अपने लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने सभी बीएलए एवं कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से न हटे।
स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि केंद्रीय महासचिव के संवाद से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है, जो संगठन को और मजबूत बनाने में सहायक होगी।
सम्मेलन को तमाड़ विधायक विकास मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया तथा खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के प्रति सतर्कता बरतने और मतदाताओं तक जागरूकता पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम से पूर्व बिनोद कुमार पांडेय ने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा, शहीद भगत सिंह तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। खूंटी पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
सम्मेलन के दौरान पार्टी की विशेषज्ञ टीम द्वारा ऑडियो-विजुअल माध्यम से एसआईआर विषय पर प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन शंकर सिंह मुंडा ने किया।
इस अवसर पर जिला सचिव सुशील पाहन, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत हेमरोम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

