रिनपास में शुरू हुई विश्वस्तरीय डीप टीएमएस सुविधा, मानसिक रोगों के आधुनिक उपचार की नई राह खुली

रांची : झारखंड के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रिनपास में मानसिक रोगों के उपचार के लिए अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय डीप ट्रांसक्रैनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (डीप टीएमएस) मशीन की शुरुआत हो गई है। रोटरी क्लब ऑफ रांची और सीसीएल के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट मानस’ के तहत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस मशीन का उद्घाटन बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में रिनपास में डीटीएमएस जैसी अत्याधुनिक तकनीक की उपलब्धता मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने इस पहल के लिए रोटरी क्लब और सीसीएल प्रबंधन का आभार जताते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में सीएसआर के माध्यम से और अधिक सहयोग की अपील की।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि डीटीएमएस मशीन मानसिक रोगियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस तकनीक के माध्यम से मस्तिष्क संबंधी कई समस्याओं का अधिक प्रभावी और कम समय में उपचार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि विकसित देशों में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अब झारखंड के मरीजों को भी मिलेंगी।

रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि डीटीएमएस मशीन की स्थापना मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला कदम है। इसके माध्यम से अवसाद, चिंता और अन्य मानसिक रोगों के मरीजों को आधुनिक एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। रोटरी गवर्नर नम्रता ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रोटरी का प्रमुख उद्देश्य है।

रिनपास की निदेशक डॉ. जयंती सिमलाई ने कहा कि डीटीएमएस मशीन की स्थापना संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह तकनीक अवसाद, ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (ओसीडी) और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में नई संभावनाएं खोलेगी तथा मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी इलाज उपलब्ध कराएगी।

सीसीएल (सीएसआर) के महाप्रबंधक सिद्धार्थ शंकर लाल ने कहा कि रिनपास में आदिवासी एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा उपलब्ध कराना गर्व की बात है। वहीं प्रोजेक्ट चेयरमैन गौरव बागरॉय ने कहा कि डीटीएमएस मशीन मानसिक रोगों के उपचार में आधुनिक, सुरक्षित और गैर-आक्रामक तकनीक के रूप में नई दिशा प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब की सचिव भावना तनेजा, पीडीजी डॉ. जोगेश गंभीर, मनोज तिवारी, प्रवीण राजगढ़िया, अतुल अग्रवाल, जशदीप सिंह, पवन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top