रांची में दूसरी साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज़, भारत ने पुरुष व महिला वर्ग में की विजयी शुरुआत

रांची : हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में दूसरी साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों, खेल पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

चैंपियनशिप का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि विभिन्न देशों और संस्कृतियों के बीच सद्भावना, भाईचारा एवं मैत्री संबंधों को मजबूत करने का सशक्त मंच भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय सहयोग को भी बढ़ावा देते हैं।

उद्घाटन समारोह में साउथ एशियन थ्रोबॉल फेडरेशन के डायरेक्टर बी. एम. शाहिद एवं स्पार्टन कंपनी के महाप्रबंधक धीरज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

चैंपियनशिप में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और भूटान की पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन खेले गए लीग मुकाबलों में भारतीय पुरुष एवं महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मैच जीतकर विजयी शुरुआत की।

महिला वर्ग में भारत ने बांग्लादेश को 25-19, 23-25, 25-22 से हराया। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ 25-15, 25-22 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी सफलता हासिल की।

पुरुष वर्ग में भारत ने बांग्लादेश को 25-14, 25-17 तथा श्रीलंका को 25-19, 25-22 से पराजित कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

पहले दिन के मुकाबलों के बाद भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें अपराजित रहते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

उद्घाटन समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखने की शपथ ली। प्रतियोगिता के शेष लीग मुकाबले और फाइनल मैच 18 जून को खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top