रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेला-2026 में मुख्यमंत्री Hemant Soren ने कृषि क्षेत्र को तकनीक और नवाचार से जोड़ने पर जोर देते हुए किसानों के लिए एक विशेष डिजिटल पोर्टल विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से किसान अपनी समस्याएं, सुझाव और जिज्ञासाएं सीधे सरकार एवं कृषि वैज्ञानिकों तक पहुंचा सकेंगे, जिससे त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, घटते भू-जल स्तर और बदलती कृषि परिस्थितियों के बीच किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कृषि विभाग को राज्य के प्रगतिशील किसानों की मैपिंग करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को “मुख्यमंत्री सम्मान” से सम्मानित करने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को भी नई तकनीकों, जल संरक्षण और वैज्ञानिक खेती को अपनाकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार और किसानों की साझी भागीदारी से ही झारखंड की कृषि व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
मौके पर मुख्यमंत्री ने कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सहायता प्रदान की तथा किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कई पहल की जानकारी दी।

