सीसीएल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत, सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने दिलाई स्वच्छता शपथ

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में सोमवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी Nilendu Kumar Singh ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सीएमडी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल, घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप आयोजित इस पखवाड़े के दौरान सीसीएल मुख्यालय तथा सभी कोयला क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इनमें सफाई अभियान, श्रमदान, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, वृक्षारोपण, अस्पतालों एवं कार्यालय परिसरों की विशेष सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विद्यालयों और समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता कर्मियों का सम्मान शामिल है।

सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे जन-जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top