रांची: 18वीं झारखंड स्टेट सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोड्डा की खिलाड़ी शिक्षा कुमारी ने मंगलवार को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस अवसर पर मंत्री ने उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि गोड्डा सहित पूरे झारखंड के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह राज्य की उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।
मंत्री ने कहा कि यदि अवसर, समर्पण और संकल्प साथ हों, तो बेटियाँ हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा कुमारी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
इस दौरान शिक्षा कुमारी ने चैंपियनशिप से जुड़ी अपनी तैयारियों और अनुभवों को भी मंत्री के साथ साझा किया। झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन और सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में शिक्षा कुमारी ने पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

