रांची। मुख्यमंत्री Hemant Soren ने कहा है कि झारखंड के किसानों की मेहनत अब वैश्विक स्तर पर पहचान बना रही है। राज्य सरकार की बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए फलदार पौधों का सकारात्मक परिणाम सामने आने लगा है और सिमडेगा सहित विभिन्न जिलों की महिलाओं द्वारा उत्पादित आम अब इंग्लैंड समेत अन्य विदेशी देशों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि राज्य के प्रगतिशील एवं आधुनिक खेती करने वाले किसानों की मैपिंग की जाए। ऐसे किसानों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर ‘मुख्यमंत्री सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीकी उपकरणों, संसाधनों और नवीन कृषि तकनीकों से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में किसानों की समस्याओं, सुझावों और जिज्ञासाओं के त्वरित समाधान के लिए एक विशेष डिजिटल किसान पोर्टल विकसित किया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से किसान सीधे अपनी बात सरकार और कृषि विशेषज्ञों तक पहुंचा सकेंगे तथा समयबद्ध सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार, कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के सामूहिक प्रयास से झारखंड की कृषि व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य के किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।

