कल्पना सोरेन की मौजूदगी में गिरिडीह में झामुमो का BLA-2 बूथ सम्मेलन, SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

गिरिडीह: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रविवार को गिरिडीह के उत्सव उपवन सभागार में एक दिवसीय BLA-2 प्रशिक्षण शिविर सह बूथ सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। इसमें जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-2, बूथ कमेटी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया को लेकर झामुमो पूरी मजबूती से तैयार है और बूथ स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है।

गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि SIR प्रक्रिया में महिलाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद महिलाओं के निवास स्थान में बदलाव होता है, इसलिए उनके दस्तावेजों को समय रहते व्यवस्थित करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि न तो किसी पात्र मतदाता का नाम कटे और न ही कोई फर्जी नाम सूची में जुड़ सके।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि SIR को लेकर पार्टी गंभीर है और बूथ कमेटी से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता जुड़े नहीं, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में वरिष्ठ पदाधिकारियों से तत्काल संपर्क करें। वहीं पूर्व विधायक केदार हाजरा और निजामुद्दीन अंसारी ने भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण एवं जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। रांची से आई विशेषज्ञ टीम ने SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी BLA-2 और बूथ कमेटी सदस्यों को उपलब्ध कराए।

इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, दिलीप मंडल, बबली मरांडी, राकेश कुमार रॉकी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top