रांची: एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं केरल एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून को केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-10 में झारखंड के एथलीट विशाल बहादुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर वर्ग की त्रिकूद (ट्रिपल जंप) स्पर्धा में 16.10 मीटर की छलांग लगाकर देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
विशाल बहादुर की इस उपलब्धि से झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, उपनिदेशक राजेश कुमार तथा एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वित्त समिति के चेयरमैन डॉ. मधुकांत ने बधाई दी।
इसके अलावा झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे सहित संघ के कई पदाधिकारियों, कोचों और खेल प्रेमियों ने विशाल बहादुर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशाल बहादुर की यह उपलब्धि झारखंड में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण मानी जा रही है।

