नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी तथा विशेष गहन पुनरीक्षण एवं आगामी चुनावों से जुड़े जिला मीडिया अधिकारियों ने भाग लिया।
सम्मेलन में झारखंड की ओर से मीडिया नोडल-सह-अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार के नेतृत्व में कुल 16 अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इनमें राज्य स्तर के अधिकारियों के साथ 15 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी भी शामिल थे। देशभर से 350 से अधिक मीडिया एवं संचार अधिकारियों की भागीदारी रही।
मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में संपन्न चुनावों में स्वतंत्रता के बाद से सबसे अभूतपूर्व जनभागीदारी दर्ज की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव संबंधी संचार समयबद्ध, सरल, तथ्यात्मक और कानून आधारित होना चाहिए।
चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि प्रभावी संचार का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उसके सकारात्मक प्रभाव को सुनिश्चित करना भी है। वहीं चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने आयोग के नियमों और दिशा-निर्देशों को आम जनता तक सरल भाषा में पहुंचाने में मीडिया अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
सम्मेलन के दौरान चुनाव प्रक्रिया, संवैधानिक प्रावधानों, ECINET, मीडिया समन्वय, प्रेस नोट तैयार करने एवं उनके प्रचार-प्रसार, भ्रामक सूचनाओं से निपटने, चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवा मतदाताओं को जोड़ने तथा हालिया चुनावों के अनुभव साझा करने जैसे विषयों पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का समापन मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

