रांची, 8 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में रविवार को न्यू टाउन हॉल में सभी बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई योग्य व्यक्ति मतदाता सूची से न छूटे और कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसके लिए सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में बीएलओ सुपरवाइजर कोषांग का गठन किया गया है। कोषांग में अतिरिक्त कंप्यूटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, जेरॉक्स मशीन, फोटो प्रिंट मशीन तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पावर बैकअप की व्यवस्था की गई है। साथ ही नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक निगरानी कोषांग भी गठित किया गया है।
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जहां बीएलओ कार्य नहीं कर रहे हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए तथा जहां कार्यभार अधिक है वहां स्वयंसेवकों की मदद ली जाए। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, गरीब एवं अन्य कमजोर वर्गों के मतदाताओं को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने बताया कि यदि बीएलओ अन्य कार्यों में संलग्न हैं तो भी वे प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व्हाट्सएप, वीडियो कॉल अथवा भौतिक निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की निगरानी करेंगे।
कार्यशाला में सभी प्रखंड एवं अंचल स्तर पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का पुनर्गठन, 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने, 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक उनके निस्तारण तथा 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
कार्यशाला में नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, डीसीएलआर दिलीप कुमार महतो, डीएसडब्ल्यूओ स्नेह कश्यप सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।

