रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में बुधवार को कुलपति डॉ. राजीव मनोहर की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र से पूर्व केंद्रीय एवं विभागीय पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण, पुस्तकों की अभिग्रहण सूची तैयार करने, पुस्तक क्रय नीति निर्धारित करने तथा विद्यार्थियों के लिए अध्ययन कक्ष (रीडिंग रूम) की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि विश्वविद्यालय के पुस्तकालय विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अकादमिक केंद्र होते हैं, जहां वे न केवल अध्ययन करते हैं बल्कि शैक्षणिक संवाद और चर्चा भी करते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र से विश्वविद्यालय के पुस्तकालयों को अद्यतन किया जाएगा तथा पारंपरिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग पुस्तकालय एवं अध्ययन कक्ष की व्यवस्था की जाएगी।
कुलपति ने बताया कि नए सत्र की शुरुआत के साथ ही विश्वविद्यालय की सभी पुस्तकों की अभिग्रहण सूची तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि पुस्तकालय व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुलभ बन सके। साथ ही पुस्तकों के क्रय के लिए स्थायी एवं तात्कालिक नीति भी बनाई जाएगी, जिससे विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी पुस्तकें शीघ्र उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) आधारित पुस्तकों को भी जल्द से जल्द विश्वविद्यालय के पुस्तकालयों और विभागों में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक के बाद कुलपति ने मुख्य अकादमिक भवन में प्रस्तावित रीडिंग रूम के लिए स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में समिति के कन्वेनर एवं मानविकी संकाय के डीन डॉ. अयूब, विज्ञान संकाय की डीन डॉ. नमिता सिंह, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. जिंदर सिंह मुंडा तथा विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में डॉ. एस. के. पाण्डेय उपस्थित थे।
