झारखंड की 6 बेटियों ने रचा इतिहास, महिला U-18 एशिया कप के लिए भारतीय हॉकी टीम में चयन

रांची/सिमडेगा। झारखंड के लिए 22 मई 2026 का दिन गौरवपूर्ण रहा, जब हॉकी इंडिया ने जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक आयोजित होने वाले महिला U-18 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा की। 18 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड की 6 बेटियों का चयन हुआ है, जिन्होंने राज्य का मान बढ़ाया है।

सबसे खास बात यह है कि चयनित सभी खिलाड़ी झारखंड सरकार द्वारा सिमडेगा और रांची में संचालित खेल प्रशिक्षण केंद्रों की प्रशिक्षु हैं। ये खिलाड़ी सिमडेगा, खूंटी और रांची जिले से आती हैं और पिछले एक महीने से भोपाल में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही थीं। पिछले दो वर्षों से ये खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय सब-जूनियर हॉकी प्रतियोगिताओं में हॉकी झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

भारतीय टीम में शामिल झारखंड की खिलाड़ी:

  • पुष्पा मांझी – मिडफील्डर
  • संदीपा कुमारी – फॉरवर्ड
  • श्रुति कुमारी – मिडफील्डर
  • सुगन सांगा – डिफेंडर
  • नीलम टोपनो – डिफेंडर
  • खिल्ली कुमारी – गोलकीपर

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने कहा कि एक साथ 6 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन राज्य की मजबूत हॉकी परंपरा और सरकारी प्रशिक्षण केंद्रों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बेटियां जापान में शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगी।

झारखंड खेल विभाग ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है और इन खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

भोपाल कैंप से जापान तक का सफर

स्वीटी कुजूर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने भोपाल में एक महीने का राष्ट्रीय शिविर लगाया, जहां पूर्व भारतीय स्टार रानी रामपाल के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने फिटनेस, रणनीति और टीम समन्वय पर विशेष अभ्यास किया। टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला भी खेली।

भारत का पूल-A शेड्यूल

  • 30 मई – भारत vs मलेशिया | सुबह 05:30 बजे
  • 31 मई – भारत vs कोरिया | सुबह 05:30 बजे
  • 2 जून – भारत vs सिंगापुर | सुबह 09:30 बजे

पूल A और B की शीर्ष दो टीमें 5 जून को सेमीफाइनल खेलेंगी, जबकि फाइनल मुकाबला 6 जून को आयोजित होगा।

कोच रानी रामपाल ने कहा कि टीम का लक्ष्य निडर हॉकी खेलते हुए खिताब जीतना है। अब पूरे झारखंड की निगाहें इन 6 बेटियों पर टिकी हैं, जो जापान की धरती पर तिरंगा लहराने उतरेंगी।

पूरी भारतीय महिला U-18 टीम

गोलकीपर: महक परिहार, खिल्ली कुमारी
डिफेंडर: सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रुबीना बक्सला, किरण एक्का, सुलोचनी
मिडफील्डर: श्रुति कुमारी, दिया, स्नेहा डावड़े, रश्मीन कौर, नममी गीताश्री, पुष्पा मांझी
फॉरवर्ड: नुशीन नाज़, स्वीटी कुजूर, प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नैंसी सरोहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top