उपायुक्त ने घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई पोलियो रोधी दवा

पलामू। पलामू जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से संचालित तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन सोमवार को जिला उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने स्वयं मेदिनीनगर शहर के हमीदगंज क्षेत्र में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थेे। मौके पर उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ विभिन्न घरों का भ्रमण कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी और अभिभावकों से बातचीत करते हुए उन्हें पोलियो उन्मूलन अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक देना अत्यंत आवश्यक है।

उपायुक्त ने कहा कि “इस पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य जिले के एक भी बच्चे को इस सुरक्षा कवच से वंचित नहीं रहने देना है। सभी अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि उनके पांच वर्ष तक की आयु के बच्चे पोलियो रोधी दवा की खुराक अवश्य ग्रहण करें।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिला रही हैं। ऐसे में अभिभावक टीमों का सहयोग करें और यदि किसी कारणवश कोई बच्चा दवा पीने से छूट गया हो तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित स्वास्थ्यकर्मी को दें।

उल्लेखनीय है कि 28 जून को जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया था। अभियान के तहत जिले में 03 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिन रविवार को जिले के 1600 से अधिक पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई थी। वहीं दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top