रांची : झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश प्रसाद साहू ने एक भव्य, गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण समारोह के बीच अपना कार्यभार आधिकारिक रूप से ग्रहण किया। कार्यक्रम का स्वागत महासचिव विद्याधर प्रसाद ने किया तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखी। स्वास्थ्य कारणों से कुछ समय तक संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रहने के बाद पूर्णतः स्वस्थ होकर लौटे अध्यक्ष का संघ के वरिष्ठ संरक्षकों, पदाधिकारियों एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के पश्चात अपने संबोधन में अध्यक्ष दिनेश प्रसाद साहू ने पूरे शौंडिक समाज का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को विकास के नए स्वर्णिम दौर में ले जाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना तथा संगठन को अधिक मजबूत, शिक्षित और प्रगतिशील बनाना है। आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता एवं संवैधानिक अधिकारों को लेकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वास को वैज्ञानिक सोच एवं शिक्षा के माध्यम से समाप्त करने के लिए युवाओं को संगठित कर विशेष सामाजिक अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षक उदय शंकर प्रसाद ने छात्रवृत्ति योजना एवं गरीब कन्याओं के विवाह सहायता कार्यक्रम को प्राथमिकता देने पर बल दिया। प्रेस को संबोधित करते हुए संघ पदाधिकारियों ने हाल ही में हुई कार्यकारिणी बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी साझा की। बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को सुनील साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के निर्णय के अनुसार भीषण गर्मी को देखते हुए रांची शहर के छह प्रमुख स्थानों पर जनहित में प्याऊ की व्यवस्था की गई है। इस सेवा कार्य में उदय साहू का विशेष मार्गदर्शन रहा, जबकि सभी केंद्रों के लिए स्टील ग्लास रमेश साहू द्वारा उपलब्ध कराए गए।
इसके अतिरिक्त सांसद प्रदीप कुमार वर्मा के सौजन्य से समाज को एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। वहीं आगामी दिनों में रमेश साहू के नेतृत्व में एक विशाल चिकित्सा शिविर आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सामाजिक एकता को लेकर संघ पदाधिकारियों ने बताया कि 3 मई 2026 को लोहरदगा में मुख्य संरक्षक उदय शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में सूड़ी-शौंडिक वैश्य समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से ऐतिहासिक बैठक आयोजित की गई थी। संघ ने इस सामाजिक एकता अभियान को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। वहीं समाज के वरिष्ठ सदस्य अरुण देव कुमार ने समाजहित एवं जनकल्याण के लिए शीघ्र विशेष सत्संग आयोजित करने की आधिकारिक घोषणा की।
नवनियुक्त अध्यक्ष ने सामाजिक सेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लगातार ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों को संघ की ओर से उच्च गुणवत्ता वाले इंसुलेटेड स्टील वाटर फ्लास्क वितरित किए जाएंगे। उदय साहू की पहल पर आयोजित यह कार्यक्रम रांची के फिरायालाल चौक (अल्बर्ट एक्का चौक) में आयोजित किया जाएगा, जिसमें एसपी ट्रैफिक रांची को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष ने कहा कि इन सभी सामाजिक एवं कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जल्द ही कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक बुलाई जाएगी। समारोह के दौरान झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ की निर्देशिका के आवरण पृष्ठ का भी विधिवत अनावरण किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक दिलीप गुप्ता, अरुण गुप्ता, श्री कुमुद प्रसाद साहू, अध्यक्ष दिनेश प्रसाद साहू, महासचिव विद्याधर प्रसाद, वरीय उपाध्यक्ष सुनील साहू, उपाध्यक्ष रमेश साहू, सचिव रूपेश साहू, अरुण देव कुमार, कोषाध्यक्ष निशांत गुप्ता, सह-कोषाध्यक्ष कुणाल शाह, राष्ट्रीय समन्वयक विरेन्द्र साहू, संघ संयोजक सह प्रवक्ता उदय साहू सहित समाज के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।
