अंतर-माध्यम समन्वय से जनसंचार होगा अधिक प्रभावी : अखिल कुमार मिश्रा

पीआईबी रांची द्वारा दूरदर्शन केंद्र में आयोजित हुई अन्तर माध्यम प्रचार समन्वय समिति की बैठक

रांची: पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) रांची द्वारा 15 मई 2026 को दूरदर्शन केंद्र, रांची में अन्तर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक श्री अखिल कुमार मिश्रा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

दूरदर्शन रांची के समाचार संपादक एवं समिति के नोडल अधिकारी श्री गौरव कुमार पुष्कर ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि विभिन्न संस्थानों के बीच समन्वय, संवाद और साझा कार्यप्रणाली को मजबूत बनाकर जनसंचार को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। वहीं पीआईबी एवं सीबीसी रांची के कार्यालय प्रमुख श्री राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य केंद्रीय संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय और जनसंपर्क व्यवस्था को सशक्त करना है।

बैठक में विभिन्न केंद्रीय संस्थानों एवं संगठनों ने अपनी उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी साझा की। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, रांची इकाई के अधीक्षक श्री शारिक उमर ने बताया कि वर्ष 2026 में ब्यूरो द्वारा पांच बड़ी कार्रवाई कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।

दूरदर्शन रांची के कार्यक्रम प्रमुख श्री अमित कुमार ने कहा कि दूरदर्शन स्थानीय भाषाओं में धारावाहिक एवं विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया मंचों पर दूरदर्शन की सामग्री को पांच मिलियन से अधिक बार देखा गया है। साथ ही लोक कथाओं पर आधारित वृत्त-नाट्य और आधुनिक तकनीक के उपयोग से कार्यक्रम निर्माण किया जा रहा है।

माय भारत झारखंड की राज्य निदेशक श्रीमती ललिता कुमारी ने विकसित भारत यंग लीडर संवाद, युवा संसद और नशा मुक्त भारत अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी।

सीसीएल के प्रतिनिधि श्री मनीष तिवारी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में सीसीएल ने 82.2 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया तथा सीएसआर मद में लगभग 79 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यूआईडीएआई के क्षेत्रीय निदेशक श्री नीरज कुमार ने कहा कि झारखंड में आधार सेवाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन प्राप्त किया जा चुका है।

रांची रेल मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अभिजीत बिस्वास ने अमृत भारत स्टेशन योजना और नई रेल सेवाओं की जानकारी दी। वहीं नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक श्री आनंद कुमार ने बताया कि चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि जारी की गई है।

एनटीपीसी की कॉरपोरेट संचार कार्यकारी सुश्री मोहिनी कुमारी ने कहा कि नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में आधुनिक एसीसी तकनीक का उपयोग किया जा रहा है तथा सीएसआर के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

बैठक में रांची आकाशवाणी केंद्र, दूरदर्शन रांची एवं विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जनसंचार को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top