रांची : Sarala Birla University परिसर में मंगलवार को महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लीनिकल टेक्नोलॉजी द्वारा अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की जनक Florence Nightingale की जयंती के अवसर पर यह दिवस विश्वभर में मनाया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीएनएआई झारखंड की राज्य सचिव श्रीमती सोनम सैमुएल, एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. श्रीधर बी. डांडिन, संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा एवं उप-प्राचार्या श्रीमती मीनल श्वेता ने दीप प्रज्वलित कर एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर श्रीमती सोनम सैमुएल ने नर्सों की सेवा भावना की सराहना करते हुए अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस की थीम पर प्रकाश डाला। प्रो. गोपाल पाठक ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन, संघर्ष और नर्सिंग क्षेत्र में उनके योगदान की चर्चा करते हुए नर्सों की भूमिका को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कार्यस्थलों पर नर्सों के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को कुलसचिव प्रो. श्रीधर बी. डांडिन एवं प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा ने भी संबोधित किया। इस दौरान संस्थान के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा तथा संस्थान के प्रशासक श्री आशुतोष द्विवेदी ने अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
