रांची : Jharkhand Mukti Morcha के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को रांची जिला एवं महानगर इकाई द्वारा जिला मुख्यालय के समक्ष केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरना प्रदर्शन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता Supriyo Bhattacharya, केंद्रीय सचिव नंदकिशोर मेहता सहित कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने की, जबकि संचालन अंतू तिर्की ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की गई तो झामुमो चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
वहीं मुस्ताक आलम ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण गरीब, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी, ठेला-खोमचा संचालक, ढाबा और रेस्टोरेंट व्यवसायी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
प्रदर्शन में पार्टी के कई केंद्रीय सदस्य, जिला एवं महानगर पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, सचिव और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की गई।
