हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी व्यवसायी से एक करोड़ के गहने और नगद लूटे

गुमला। गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सात बजे एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। हरिओम गहना घर के संचालक शशांक सोनी से हथियार के बल पर लगभग 70 हजार रुपये नगद और करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शशांक सोनी अपनी दुकान, जो घाघरा थाना के ठीक सामने स्थित है, बंद कर बाइक से पुंटो रोड स्थित अपने घर जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर उनकी मां भी सवार थीं। दुकान से करीब 150 मीटर की दूरी तय करने के बाद पीछे से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को धक्का मार दिया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंच गए। एक अपराधी ने शशांक सोनी पर गोली भी चलाई, हालांकि निशाना चूक गया। इसके बाद अपराधियों ने बाइक में रखे नगद और गहनों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गुमला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे शहर में भय का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top