चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सरायकेला में 11 अप्रैल से होगा आयोजन

राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को प्रदर्शित करने वाले तीन दिवसीय राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें इस महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

यह महोत्सव 11 अप्रैल से 13 अप्रैल तक सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, तैयारियों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।

चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव झारखंड की पारंपरिक लोकनृत्य शैली ‘छऊ’ को समर्पित एक प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ देश-विदेश के दर्शक भी आकर्षित होते हैं। इस आयोजन के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस महोत्सव में शामिल होने से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ेगी। प्रशासन द्वारा आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top