राजधानी रांची में आगामी 2 से 3 सितंबर 2026 तक “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने निर्वाचन सदन में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सह-संयोजक एवं नॉलेज पार्टनर संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करने और सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के विशेषज्ञ, प्रबुद्धजन एवं निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे मतदाता पंजीकरण और निर्वाचन प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो सकेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि शोधार्थियों और विशेषज्ञों से शोध-पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत एब्सट्रैक्ट जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि स्वीकृति की सूचना 17 मई 2026 तक दी जाएगी। इसके बाद प्रतिभागियों को 24 जुलाई 2026 तक अपना पूर्ण शोध-पत्र जमा करना होगा, ताकि उन्हें मुख्य सम्मेलन में शामिल किया जा सके।
उन्होंने अधिक से अधिक शोधार्थियों और विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। सम्मेलन से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पंजीकरण प्रक्रिया और विषयों की सूची के लिए विभाग द्वारा आधिकारिक वेबसाइट www.icvrvr.org भी जारी की गई है।
इस बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची के डॉ. बी.के. सिन्हा और डॉ. आशुतोष कुमार पाण्डेय तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के प्रो. आलोक गुप्ता एवं डॉ. अपर्णा भी शामिल थे।
यह सम्मेलन झारखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्वाचन प्रबंधन के क्षेत्र में पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
