राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से प्रशिक्षु IAS अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट, जनहित को सर्वोपरि रखने का दिया संदेश

रांची, 07 अप्रैल: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करते हुए उन्हें जनहित और राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड अपार संभावनाओं वाला राज्य है और इसे विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समर्पण, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

संवाद के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जमीनी हकीकत से जुड़े रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक सक्षम और प्रभावी अधिकारी वही होता है, जो क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझे, नियमित फील्ड भ्रमण करे और आम लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखे।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि प्रशासनिक सेवा में कार्यशैली और व्यवहार ही किसी अधिकारी की असली पहचान बनाते हैं। इसलिए हर अधिकारी को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को हर परिस्थिति में सजग, तत्पर और समाधानमुखी बने रहने की सलाह दी, ताकि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे अपने कार्यों से राज्य और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top