रांची, 07 अप्रैल: झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता को लेकर उद्योगपति आनंद महिंद्रा द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर रिप्लाई करते हुए झारखंड की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान मिलने पर खुशी जताई।
अपने जवाब में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने लिखा कि झारखंड की अनदेखी और अनुपम सुंदरता को रेखांकित करने तथा अपने विचार साझा करने के लिए वे आनंद महिंद्रा के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि आपके जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व द्वारा मेघाहातुबुरु और सारंडा के पवित्र वनों जैसी जगहों की अपार संभावनाओं को पहचानना वास्तव में प्रेरणादायक है।
पर्यटन मंत्री ने अपने पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड सरकार राज्य में पर्यटन अवसंरचना को लगातार मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाओं और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सके।
झारखंड की वादियों, जंगलों, पहाड़ों और जलप्रपातों को लंबे समय से प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र माना जाता रहा है, लेकिन अब सोशल मीडिया के जरिए इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक चर्चा मिल रही है। ऐसे में आनंद महिंद्रा जैसे उद्योगपति का पोस्ट राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार बुनियादी ढांचे, पहुंच और प्रचार-प्रसार पर ध्यान देती रही, तो मेघाहातुबुरु, सारंडा, नेतरहाट, दशम फॉल्स और हुंडरू फॉल्स जैसे पर्यटन स्थल आने वाले समय में देश के प्रमुख डेस्टिनेशन बन सकते हैं।
