रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड स्थित प्रीति ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार अपराधी दुकान पर पहुंचे और सीधे अंदर दाखिल हो गए। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर वहां मौजूद कर्मियों को डराया-धमकाया और फिर लूटपाट शुरू कर दी।
अपराधियों ने दुकान से करीब एक किलो चांदी के जेवरात और गल्ले में रखे 10 हजार रुपये नगद लूट लिए। पूरी वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि दुकान में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों में इस वारदात को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। सूचना मिलने के बाद बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह भी माना जा रहा है कि अपराधियों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।
राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस लूटकांड ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है।
