जामताड़ा, 07 अप्रैल: राज्य में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद ठगों के हौसले अब भी बुलंद हैं। ताजा मामला जामताड़ा से सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने उपायुक्त रवि आनंद के नाम पर फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट बनाकर लोगों को अनावश्यक संदेश भेजने शुरू कर दिए हैं।
इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में भी सतर्कता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, ठग उपायुक्त के नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को मैसेज भेज रहे हैं, जिससे भ्रम और ठगी की आशंका बढ़ गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके नाम से किसी भी प्रकार का व्हाट्सऐप संदेश, कॉल या संदिग्ध संपर्क किया जाए, तो उस पर भरोसा न करें और तुरंत इसकी सूचना साइबर थाना को दें।
उपायुक्त ने लोगों से कहा है कि साइबर अपराधी अब आम लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की पहचान का भी दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे में सभी को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
जामताड़ा, जो पहले से ही साइबर अपराध के मामलों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है, वहां इस तरह की घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी संदिग्ध मैसेज, पैसे की मांग या निजी जानकारी साझा करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें।
इस घटना के बाद साइबर पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है और फर्जी अकाउंट बनाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
