हजारीबाग के विष्णुगढ़ में घटित हृदयविदारक घटना को लेकर कांग्रेस नेत्री सह पूर्व विधायक अंबा प्रसाद बुधवार को लोक भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की।
अंबा प्रसाद ने राज्यपाल के समक्ष इस जघन्य घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। अंबा प्रसाद ने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देती हैं। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई करने की मांग की।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विष्णुगढ़ की इस घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश देखा जा रहा है और लगातार न्याय की मांग उठ रही है।
