राजधानी रांची के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इनडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में आयोजित 28वें सब-जूनियर राष्ट्रीय सेपक टकरा चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी महत्वपूर्ण पाठ सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और खेल भावना को भी मजबूती देते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार की “खेलो इंडिया” जैसी योजनाओं के माध्यम से देश के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
समारोह के दौरान विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन से रांची एक बार फिर खेल नगरी के रूप में अपनी पहचान को मजबूत करने में सफल रहा। आयोजन के समापन के साथ खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।





