1 अप्रैल से महंगी होगी बिजली, जेबीवीएनएल का नया टैरिफ लागू – 6.12% की बढ़ोतरी

रांची, 25 मार्च:
झारखंड में 1 अप्रैल 2026 से बिजली उपभोक्ताओं पर महंगाई का असर दिखेगा। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का नया टैरिफ जारी कर दिया है, जिसमें कुल 6.12% की वृद्धि की गई है।

आयोग के अध्यक्ष नवनीत कुमार ने रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि नया टैरिफ 1 अप्रैल से लागू होगा। हालांकि उपभोक्ताओं को आंशिक राहत देते हुए फिक्स्ड चार्ज में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, वहीं कृषि उपभोक्ताओं को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया है।

नए टैरिफ के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए दरों में बदलाव किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब उपभोक्ताओं को 6.70 रुपए प्रति यूनिट की जगह 7.20 रुपए प्रति यूनिट चुकाने होंगे, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह दर 6.85 रुपए से बढ़कर 7.40 रुपए प्रति यूनिट हो गई है। वहीं डोमेस्टिक हाई पावर उपभोक्ताओं के लिए दर 6.40 रुपए से बढ़ाकर 7.20 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है।

इस बार आयोग ने एक नई श्रेणी “कमर्शियल हाई पावर” भी जोड़ी है, जिसमें शॉपिंग मॉल और बड़े कमर्शियल भवन शामिल किए गए हैं। इस श्रेणी के उपभोक्ताओं को 8 रुपए प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना होगा।

अध्यक्ष नवनीत कुमार ने बताया कि टैरिफ निर्धारण के दौरान सभी हितधारकों की बातों को ध्यान में रखते हुए संतुलित निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top