हजारीबाग | 20 मार्च
हजारीबाग जिले के केरेडारी क्षेत्र में कोल परियोजना विस्तार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री योगेंद्र साव का आवास पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
मौके पर मौजूद पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध जताते हुए इसे अवैध बताया। उन्होंने कहा कि बिना उचित प्रक्रिया और स्थानीय सहमति के इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
वहीं, NTPC के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। उनके अनुसार, मुआवजे की राशि सरकारी कोष में जमा कराने के बाद ही आवास को पूरी तरह ध्वस्त किया गया।
कोल परियोजना विस्तार को लेकर क्षेत्र में पहले से ही विरोध और तनाव का माहौल बना हुआ था, और इस घटना के बाद राजनीतिक हलचल और तेज होने के आसार हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

