डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने आज पूर्वाह्न 10 और अपराह्न 2 बजे विश्वविद्यालय के लेखा विभाग और परीक्षा विभाग में अपनी अध्यक्षता में दो महत्वपूर्ण बैठकों को आयोजित किया। सर्वप्रथम उन्होंने लेखा विभाग के अंतर्गत वित्त अधिकारी डॉ अनीता मेहता और लेखा विभाग के कर्मी सदस्यों के साथ गहन संवाद और परामर्श कर विश्वविद्यालय की वित्तीय स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न आधारभूत संरचना और आगामी प्रशासनिक और अकादमिक विस्तार हेतु वित्तीय स्थिति की अद्यतन जानकारी आवश्यक है। यह बैठक काफी सारगर्भित रही और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम दृष्टिगत होंगे।
इसके उपरांत उन्होंने अपराह्न 2 बजे विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में एक अन्य बैठक आयोजित कर विश्वविद्यालय के परीक्षा संबंधित गतिविधियों से अद्यतन हुए। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में आगामी आयोजित की जानेवाली परीक्षाओं, परिणाम और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं पर विचार विमर्श करते हुए सभी विषयों को अति शीघ्र सही निष्पादन पर अपना जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अलग अलग विभागों के साथ समन्वय और लक्ष्यों को निर्धारित कर विश्वविद्यालय की उत्तरोत्तर प्रगति पर केंद्रित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही विश्वविद्यालय के विभिन्न समस्याओं का त्वरित निदान संभव हो पाएगा। इस दौरान कुलसचिव डॉ धनंजय द्विवेदी और परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार उपस्थित भी उपस्थित रहें। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

