रांची, 17 मार्च:
रांची के जैप ग्राउंड में मंगलवार से राज्यस्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता की भव्य शुरुआत हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की।
यह प्रतियोगिता 19 मार्च तक चलेगी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आई कुल 26 पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, परेड, कबड्डी, वॉलीबॉल समेत कई खेलों में पुलिस जवान अपनी फिटनेस, अनुशासन और टीम वर्क का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के जवानों की शारीरिक क्षमता को बढ़ाना, आपसी समन्वय को मजबूत करना और उनमें खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। इस मंच के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का भी अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और पूरे आयोजन में ऊर्जा व जोश का माहौल बना हुआ है।

