रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) ने उद्योगोन्मुखी शिक्षा और डिजिटल कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जोहो कॉर्पोरेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य अकादमिक शिक्षा और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी दक्षताओं से लैस करना है।
एमओयू हस्ताक्षर समारोह के बाद जोहो कॉर्पोरेशन के वाइस प्रेसिडेंट (ग्लोबल एलायंसेस) के. पी. नारायणन ने “लर्निंग टू लर्न” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी परिवेश में निरंतर सीखने और स्वयं को अपडेट रखने के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. डांडिन, विभिन्न संकायाध्यक्ष, वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रबंधन विभाग के शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर रापगुरु के निदेशक सीए राकेश सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
यह समझौता जोहो कॉर्पोरेशन की “जोहो एडुकनेक्ट” पहल के अंतर्गत किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की मांग के अनुरूप डिजिटल एवं एंटरप्राइज एप्लिकेशन संबंधी कौशल प्रदान करना है। एमओयू के तहत सरला बिरला विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को जोहो बुक्स पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो एक अग्रणी क्लाउड-आधारित अकाउंटिंग और बिजनेस मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह सहयोग विद्यार्थियों को आधुनिक व्यावसायिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा और उन्हें रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों के लिए तैयार करेगा। साथ ही, आने वाले समय में जोहो के विशेषज्ञों और प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल को विश्वविद्यालय की उद्योग-समर्थित शिक्षा नीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता और व्यावसायिक दक्षता में वृद्धि होगी।

