प्रखंड विनय स्थित बगीचा स्थित विधानसभा के शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे बिनय बगीचा स्थित डी.ए.वी. विवेकानंद पब्लिक स्कूल, बेड़ो के कक्षा नवमी के छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझा। इस शैक्षणिक यात्रा में लगभग 50 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक शामिल हुए।
विधानसभा की दीर्घा में पहुंचते ही छात्रों के चेहरे पर उत्साह और जिज्ञासा झलक उठी। इस दौरान उन्होंने सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। छात्रों ने प्रश्नकाल, बहस एवं चर्चा तथा निर्णय और मतदान की प्रक्रिया का अवलोकन किया, जिससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि जनहित के मुद्दों पर किस प्रकार सरकार कार्य करती है।
इस अवसर पर रवींद्रनाथ महतो ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से छात्रों को विधायी प्रक्रिया की वास्तविक जानकारी मिलती है। उन्होंने बताया कि सदन में विधेयक किस प्रकार प्रस्तुत होकर चर्चा के बाद पारित होते हैं और कानून का रूप लेते हैं। उन्होंने विद्यालय की इस पहल की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश कुमार ने कहा कि इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना और उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि किताबों के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्र प्रशासनिक एवं न्यायिक व्यवस्थाओं को भी समझ सकें। इस भ्रमण को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक श्रवण कुमार तथा शिक्षक रवि सिंह, मल्लिका मेहता और निर्मला लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह शैक्षणिक यात्रा छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुई, जहां उन्होंने लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।

