देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के 24वें दिन आज देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रातः 04:13 बजे जैसे ही मंदिर के गर्भगृह के पट खुले, वैसे ही पूरे अनुशासन और भक्ति भाव के साथ शिवभक्तों का जलार्पण शुरू हो गया। केसरिया रंग में रंगी पूरी रूट लाइन:सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पहुंचे कांवरियों के उत्साह के आगे सुबह की थकान कहीं नजर नहीं आई। बीएडी कॉलेज से लेकर मंदिर परिसर तक की पूरी रूट लाइन शिवभक्तों की गूंज से गुंजायमान है। लाखों की संख्या में कतारबद्ध होकर कांवरिया निरंतर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष करते हुए बाबा मंदिर की ओर आगे बढ़ रहे हैं। पूरा मेला क्षेत्र केसरिया रंग में सराबोर नजर आ रहा है। इसके अलावा कांवरियों की सुगम और सुरक्षित जलार्पण यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रूट लाइन में सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, और कतार प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों व दंडाधिकारियों द्वारा नियंत्रण कक्ष से लगातार भीड़ की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

