गुमला में साप्ताहिक जनता दरबार: उपायुक्त ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के दिए निर्देश

गुमला। समाहरणालय परिसर में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, सड़क-पुल निर्माण, दिव्यांगजनों के लिए सहायता, स्वरोजगार एवं कृषि ऋण तथा जनसुविधाओं से जुड़े मामले सामने आए। उपायुक्त ने सभी फरियादियों के आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को तय समय-सीमा में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की संख्या सबसे अधिक रही। सानारोली के अर्जुन महतो ने आम रास्ते पर अतिक्रमण, सार्वजनिक नाली बंद करने और पेयजल स्रोत के समीप गड्ढा खोदकर पानी दूषित करने का आरोप लगाया। कदमटोली के अनुसूचित जनजाति समुदाय के रैयतों ने फर्जी कागजात के आधार पर पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। सिसई रोड निवासी तसमिया परवीन ने अपनी माता की भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने और कुराग (घाघरा) के महादेव महतो ने धोखाधड़ी कर रजिस्ट्री कराने के बाद भी बकाया राशि न मिलने की बात कही। चन्दाली की सरस्वती बखला ने जमीन से अवैध कब्जा हटाने, कुलाबीरा के तेतरू साहु ने खेत से तैयार धान की फसल चोरी होने और सुरसा के संतोष कुमार सिंह ने निजी जमीन से हरे पेड़ों की अवैध कटाई पर कार्रवाई की मांग की।

सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों में पड़कीटोली (डुमराडीह) के ग्रामीणों ने नवाडीह-पड़कीटोली-गम्हरिया मार्ग और खतवा नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी। चुगलू पंचायत के ग्रामीणों ने चुगलू से सकरपुर गम्हरिया तक 5 किलोमीटर पक्की सड़क बनाने का आग्रह किया, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को राहत मिले। इसके साथ ही एनएच-43 पर मांझारोली से रायडीह तक जर्जर सड़क और उड़ती धूल की समस्या भी उठाई गई।

सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों की सहायता के तहत पालकोट के ईश्वर उराँव ने दुर्घटना में पैर गंवाने के बाद कृत्रिम पैर हेतु सरकारी सहायता मांगी। पतिया के रोहित साहु ने आवागमन हेतु बैटरी चालित व्हीलचेयर उपलब्ध कराने और बसन्ती कुमारी ने वृद्ध माता के भरण-पोषण के लिए रोजगार का आवेदन दिया। आर्थिक समस्याओं के तहत सिसई के संजय कुमार सिंह ने मुद्रा ऋण आवेदन पर बैंक की ओर से देरी की शिकायत की, वहीं खरतंगा के किसान जयराम उराँव ने गंभीर बीमारी के चलते कृषि ऋण व ब्याज में राहत की गुहार लगाई।

इसके अलावा ग्राम पुगू घांसी टोली के ग्रामीणों ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद चामू उराँव की प्रतिमा की सुरक्षा और स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु चहारदीवारी निर्माण की मांग की। सरना अवतार एड़पा और पारंपरिक पंचायतों के प्रतिनिधियों ने लोककला संरक्षण के लिए स्थानीय कलाकारों हेतु 170 पारंपरिक मांदर व नगाड़ा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उपायुक्त ने सभी मामलों को संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को अग्रसारित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनता दरबार में आई हर शिकायत पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर तय समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि आम जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top