सड़क चौड़ीकरण में एकतरफा भूमि अधिग्रहण का ग्रामीणों ने किया विरोध

पलामू। जिले के विश्रामपुर से इटको सड़क चौड़ीकरण में एकतरफा भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई का विरोध तेज हो गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विश्रामपुर के अंचल अधिकारी (सीओ) को सोमवार को आवेदन देकर नियमसंगत जमीन अधिग्रहण की मांग की।

ग्राम नावाडीह कला, छिपादोहर खुर्द, छिपादोहर कला एवं विश्रामपुर के ग्रामीण सुदर्शन चौधरी, उमेश कुमार, श्यामसुंदर प्रसाद, आनंद, नन्दू, कमेश प्रसाद, जितेन्द्र चौधरी, उदय राम सहित अन्य ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर इन दिनों भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई एकतरफा की जा रही है। जमीन का अधिग्रहण दोनों साइड से होना चाहिए, लेकिन प्रभावशाली लोगों की संपत्ति बचाने के लिए सड़क की एक तरफ की ही जमीन ली जा रही है। पूर्व में नापी के समय 30 फीट सड़क बनाने के लिए 15-15 फीट दोनों तरफ से जमीन अधिग्रहण करने की बात कही गयी थी।

इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह बबलू ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया और जिला प्रशासन से नियमानुसार जमीन अधिग्रहण की अपील की है। उन्होंने कहा कि इटको से विश्रामपुर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अधिकारी की ओर से आम जनता के हित का ध्यान नहीं रखा जा रहा है अगर नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गयी और स्थानीय लोगों को परेशान किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क से लेकर हाईकोर्ट तक आन्दोलन किया जायेगा।

इधर, विवाद में नया मोड़ तब आया, जब बसपा के मीडिया प्रभारी राहुल कुमार दुबे ने आरोप लगाया कि सड़क का सेंटर प्वाइंट कथित तौर पर एक निजी कॉलेज के गेट को बचाने के लिए दूसरी तरफ खिसकाया जा रहा है।

राहुल दुबे ने कहा कि रामचंद्र चंद्रवंशी का कॉलेज गेट न टूटे, इसलिए जानबूझकर सड़क का सेंटर दूसरी तरफ धकेला जा रहा है। कॉलेज गेट बचाने के लिए नावाडीह के देवी धाम को तोड़ना हिंदू धर्म का अपमान है। उन्होंने कहा कि नावाडीह का देवी धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है। किसी निजी कॉलेज के गेट को बचाने के लिए देवी धाम को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देवी धाम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो विश्रामपुर बंद कराकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top