ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

कोडरमा। जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग (एनएच-20) पर श्रीराम धर्म कांटा के समीप सोमवार की रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मड़ुवाटांड़ निवासी प्राण कुमार के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विजय कुमार कोडरमा स्टेशन के समीप ठेले पर फास्ट फूड बेचने का काम करता था।सोमवार रात काम समाप्त करने के बाद वह अपने एक मित्र की बाइक लेकर बाइपास रोड स्थित गैरेज में काम करने वाले उक्त मित्र को लाने जा रहा था। इसी दौरान श्रीराम धर्म कांटा के समीप सड़क पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक बाइक और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक ट्रक खड़ी कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विजय को तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा ले गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना ले आई है। इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल के समीप सड़क किनारे अक्सर पानी जमा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि झुमरीतिलैया बाइपास में लगभग पूरी सर्विस लेन बन चुकी है, लेकिन श्रीराम धर्म कांटा के समीप करीब 200 मीटर तक सर्विस लेन का निर्माण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द सर्विस लेन का निर्माण कराने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top