राँची: झारखंड सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार, 06 सितम्बर 2026 की सुबह गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में निधन हो गया। वे राज्य सरकार में नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री थे। उनके आकस्मिक निधन से राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई है।
दिवंगत मंत्री के सम्मान में राज्य सरकार ने 06 और 07 सितम्बर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) के विशेष कार्य पदाधिकारी अखलेश कुमार सिन्हा द्वारा विधिवत आदेश जारी कर दिया गया है।
राजकीय शोक की इस अवधि के दौरान राज्य के उन सभी भवनों, जहाँ नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है, पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके साथ ही इस दौरान किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।
झारखंड सरकार ने दिवंगत मंत्री के सम्मान में यह भी निर्णय लिया है कि सोमवार, 07 सितम्बर 2026 को राज्य सरकार के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके कार्यान्वयन के लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को आवश्यक आदेश निर्गत करने का अनुरोध किया गया है।
इस निर्णय की सूचना राज्य के सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, प्रमंडलीय आयुक्तों, उपायुक्तों, पुलिस महानिदेशक और सभी पुलिस अधीक्षकों समेत केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा झारखंड उच्च न्यायालय को भेज दी गई है।
