खूंटी। जिले में विद्यालयों के पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत तीन विद्यालयों का दूसरे स्कूलों में विलय कर दिया गया है, जबकि विद्यार्थियों का नामांकन शून्य रहने के कारण छह विद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। ग्रामसभा और प्रखंड शिक्षा समिति की अनुशंसा के बाद जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक में इन प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
विद्यालयों के विलय के तहत खूंटी सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, करगे को राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ईरूद में समाहित किया गया है।
वहीं, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, बुरूहातू का विलय राजकीय उत्क्रमित मध्य सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लांदूप में किया गया है। इसके अलावा नव प्राथमिक विद्यालय, सगा को उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, बारूडीह में मर्ज किया गया है।
तीन प्रखंडों के छह विद्यालय होंगे बंद
नामांकन शून्य रहने के कारण जिले के तीन प्रखंडों के छह विद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इनमें अड़की प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, प्रिरतीटोली और उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, चोन्डोरडीह शामिल हैं। मुरहू प्रखंड में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जलासार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मधुकमडीह और उत्क्रमित मध्य विद्यालय, उबुरू को बंद करने का फैसला लिया गया है।
वहीं, तोरपा प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, सरंगलोया को भी बंद किए जाने वाले विद्यालयों की सूची में शामिल किया गया है।
विद्यालयों के पुनर्गठन से संबंधित यह निर्णय स्थानीय स्तर पर प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर लिया गया है। पहले ग्रामसभा और प्रखंड शिक्षा समिति ने संबंधित विद्यालयों के विलय एवं बंद करने की अनुशंसा की।
इसके बाद जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक में प्रस्तावों पर विचार कर अंतिम निर्णय लिया गया।
इस फैसले के तहत जिले में तीन विद्यालयों का विलय और छह विद्यालयों को बंद किया जाएगा।

